बरमकेला।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के बरमकेला आगमन के दौरान मुस्लिम समाज द्वारा SIR फार्म के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने लिखित आवेदन सौंपते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची में अनियमितताएं की गई हैं।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नवंबर 2025 में SIR अभियान के दौरान मुस्लिम समाज के मतदाताओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के नाम पर मनमाने ढंग से फार्म भरवाए गए। कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, वहीं कई मामलों में नाम जोड़ने व सुधार की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई।
मुस्लिम समाज का आरोप है कि 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची 2026 में बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं के नाम गायब पाए गए। इससे समाज में भय, आक्रोश और असंतोष का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ राजनीतिक तत्वों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से एक विशेष वर्ग को मतदाता सूची से बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है। लगभग 60 से अधिक मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात सामने आई है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने PCC चीफ दीपक बैज से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं उन्हें तत्काल पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
दीपक बैज ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि मताधिकार से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और आवश्यक होने पर मामले को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।
