कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की मजबूती बनी मिसाल,
सारंगढ़/ छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा का सारंगढ़ आगमन पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। रात्रि लगभग 8 बजे जैसे ही प्रांतीय संयोजक सारंगढ़ पहुंचे, जिलेभर से पहुंचे कर्मचारी-अधिकारी पदाधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। अल्प समय में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम ने संगठन की एकजुटता और ताकत को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने सारंगढ़ जिले के कर्मचारी-अधिकारियों की संगठनात्मक मजबूती की खुलकर सराहना की और कहा कि सारंगढ़ आने वाले समय में कर्मचारी एकता की मिसाल बनेगा। उन्होंने समस्त पदाधिकारियों को मंत्रालय स्तर पर आमंत्रित करते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला संयोजक फकीरा यादव, जिला प्रभारी लैलून भारद्वाज ने बरमकेला तहसील संयोजक सुभाष चौहान, ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल सहित पूरी टीम के कार्यों की प्रशंसा की। जिला संयोजक के नेतृत्व में पान-पानी पायलगी की परंपरा के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया तथा प्रतीक चिन्ह के रूप में मोमेंटो सप्रेम भेंट किया गया।

इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से चंद्रशेखर तिवारी (प्रदेश अध्यक्ष, राजपत्रित अधिकारी संघ), पंकज पांडेय (प्रदेश अध्यक्ष, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ), मनोज साहू (प्रदेश अध्यक्ष, शालेय शिक्षक प्रधान पाठक संघ), आलोक मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ), संतोष कुमार वर्मा (संयोजक, नवा रायपुर) सहित अनेक जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन कर्मचारी-अधिकारी एकता, अधिकारों की रक्षा और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ हुआ।
सारंगढ़ में यह स्वागत कार्यक्रम कर्मचारी आंदोलन के इतिहास में एक नई ऊर्जा और दिशा देने वाला साबित हुआ।
