बरमकेला / ग्राम पंचायत खैरगढ़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री निषाद नन्हे-मुन्ने बच्चों को पढ़ाने का एक अलग और रोचक अंदाज़ अपनाए हुए हैं। खेल-खेल में, गीत-कविता और गतिविधियों के माध्यम से दी जा रही शिक्षा ने बच्चों में सीखने के प्रति नया उत्साह भर दिया है। गायत्री निषाद की इस नवाचारी पद्धति का सकारात्मक असर साफ नजर आ रहा है। बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने लगे हैं और उनका मन भी पढ़ाई में लगातार लगा हुआ है। पहले जहां बच्चों की उपस्थिति एक चुनौती बनी रहती थी, वहीं अब केंद्र बच्चों की चहचहाहट से गुलजार रहता है।

इस बदलाव से अभिभावक भी बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि बच्चों में न केवल सीखने की रुचि बढ़ी है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन भी देखने को मिल रहा है। अभिभावकों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री निषाद की जमकर सराहना की जा रही है और उनकी मेहनत को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया जा रहा है।
खैरगढ़ी का यह आंगनबाड़ी केंद्र अब प्रेरणा का उदाहरण बनता जा रहा है, जहां समर्पण और सही तरीके से बच्चों को शिक्षा देकर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
