
सारंगढ़ / राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के तहत सखी संगठन बुदेली कलस्टर में आयोजित वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह ने महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि अब गांव की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा वार्षिक अधिवेशन व सम्मान समारोह नए कलस्टर भवन का शुभारंभ, जिसे जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विद्या किशोर चौहान एवं जनपद पंचायत सीईओ अजय पटेल ने विधिवत फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला—महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और उपलब्धि की चमक साफ झलक रही थी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समूहों से जुड़ी उन महिलाओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वरोजगार, समूह संचालन और सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान दिया है। मंच से एक-एक नाम पुकारे जाने पर तालियों की गड़गड़ाहट ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया।

महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बिहान योजना से जुड़कर न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि समाज में उनकी पहचान और सम्मान भी बढ़ा है। अधिवेशन में समूह की उपलब्धियों, योजनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने महिलाओं के इस जोश और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास की मजबूत नींव बताया।

जनपद अध्यक्ष डॉ. विद्या किशोर चौहान ने कहा
“बिहान के माध्यम से हमारे क्षेत्र की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, यह बेहद गर्व की बात है। आज बुदेली कलस्टर में जो उत्साह देखने को मिला, वह यह दर्शाता है कि महिलाएं अब सिर्फ घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था की मजबूत स्तंभ बन चुकी हैं। नया कलस्टर भवन उनके कार्यों को और गति देगा।”
जनपद सीईओ अजय पटेल ने कहा
“बिहान योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। बुदेली कलस्टर की महिलाएं जिस तरह संगठित होकर काम कर रही हैं, वह अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा है। शासन की योजनाओं का सही क्रियान्वयन तभी संभव है जब इस तरह की सक्रिय भागीदारी हो। हम आगे भी महिलाओं को हर संभव सहयोग देते रहेंगे।”
बुदेली कलस्टर का यह आयोजन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की एक जीवंत तस्वीर बनकर उभरा—जहां हर महिला अपने सपनों को साकार करने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रही है।
मनोहर पटेल भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने कहा
बिहान से जुडी महिलाए बिहान योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं महिलाए काफ़ी उत्साहित हैं
