
बरमकेला — वन्यजीव संरक्षण का शानदार उदाहरण उस समय देखने को मिला जब गांव भूलूमुड़ा में एक दुर्लभ पेंगोलीन जाल में फंस गया और वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार किसान सिंधु साहू पिता टंकधर साहू के मूंगफली फसल लगे खेत में लगाए गए जाली में अचानक एक पेंगोलीन फंस गया। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही इस पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे सावधानी व सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान टीम ने बेहद धैर्य और अनुभव का परिचय देते हुए जाल में फंसे पेंगोलीन को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दौरान पेंगोलीन को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक वातावरण की ओर रवाना किया गया।

इस रेस्क्यू अभियान में हीरालाल सरजाल रेंजर, हीरालाल नायक डिप्टी रेंजर, हीरालाल चौधरी वनरक्षक, बलभद्र मैत्री वनपाल, देवनाथ ध्रुव और गिरधारी सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता और समर्पण से एक बेजुबान की जान बच सकी।
गौरतलब है कि पेंगोलीन एक अत्यंत दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव है, जिसकी तस्करी और शिकार पर कड़े कानूनी प्रावधान हैं। ऐसे में वन विभाग की यह कार्रवाई न केवल सराहनीय है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि वन्यजीवों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।
