Ad image

बरमकेला के माटी पुत्र जगन्नाथ पाणिग्राही को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष की कमान, क्षेत्र में जश्न का माहौल

DEVRAJ DEEPAK
By DEVRAJ DEEPAK  - EDITOR IN CHIEF
4 Min Read

बरमकेला। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। इस नई कार्यकारिणी में आठ उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जिसमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक के ग्राम भिखमपुरा के लोकप्रिय और जुझारू नेता जगन्नाथ पाणिग्राही को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह खबर सामने आते ही पूरे जिले में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई। बरमकेला, सारंगढ़- बिलाईगढ़ सहित दूर-दराज के गांवों से लेकर राजधानी रायपुर तक भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में उत्साह का माहौल है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बधाइयों की बौछार हो रही है, तो वहीं पाणिग्राही के घर और पार्टी कार्यालयों में कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है। जगह-जगह चर्चाए और मिठाइयों का वितरण इस बात का सबूत है कि यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं, बल्कि क्षेत्र की राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक प्रभाव का प्रमाण है। जगन्नाथ पाणिग्राही जिस क्षेत्र से आते हैं, वह कभी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संसदीय क्षेत्र और ओपी चौधरी का विधानसभा क्षेत्र रहा है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इस क्षेत्र की राजनीतिक पहचान और संगठन की मजबूती में अब और इज़ाफ़ा होगा। यह नियुक्ति न केवल भाजपा के लिए संगठनात्मक लाभकारी होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई इबारत भी लिखेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि अब निश्चित तौर पर क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी—सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के साथ-साथ राजनीतिक सशक्तिकरण में भी नई ऊँचाइयाँ हासिल होंगी।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश पंडा ने जगन्नाथ पाणिग्राही को शुभकामनाएँ देते हुए कहा—“पाणिग्राही जी हमारे क्षेत्र की शान हैं। उनका राजनीतिक सफर संघर्ष, ईमानदारी और संगठन के प्रति अटूट समर्पण का उदाहरण है। वह एक सरल, सहज और जनमानस से जुड़े हुए नेता हैं। आज उनका प्रदेश उपाध्यक्ष बनना हमारे लिए गर्व की बात है। यह नियुक्ति न केवल हमारे संगठन को मजबूती देगी, बल्कि हर कार्यकर्ता के मन में नई ऊर्जा और जोश भर देगी।”

जगन्नाथ पाणिग्राही की कार्यशैली हमेशा से ही संगठन में अनुशासन, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए जानी जाती रही है। चाहे पार्टी का छोटा सा कार्यक्रम हो या बड़े स्तर का आंदोलन—वह हमेशा सबसे आगे खड़े नज़र आते हैं। यही वजह है कि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उनकी छवि एक संघर्षशील, ईमानदार और दूरदर्शी नेता की है। प्रदेश राजनीति में यह नियुक्ति न केवल एक नए युग की शुरुआत है, बल्कि इस बात का संकेत भी है कि भाजपा अब मैदान में पहले से ज्यादा मज़बूती के साथ उतरेगी। बरमकेला ब्लॉक और आसपास के इलाकों में अब कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। हर ओर यही चर्चा है—
“हमारे क्षेत्र से अब प्रदेश की राजनीति में नई कहानी लिखी जाएगी, और इस कहानी के केंद्र में होंगे—जगन्नाथ पाणिग्राही।”

Share this Article