बरमकेला ।
सनातन हिन्दू धर्म जागरण कथा यात्रा के अंतर्गत बरमकेला विकासखंड के ग्राम बुदेली में जीवन दर्शन की आत्मबोध पावन कथा का भव्य आयोजन किया गया है। प्रभु रघुवंश शिरोमणि श्री श्री रघुनाथ जी की कृपा से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव का नेतृत्व चतुर्भुज डनसेना, सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा किया जा रहा है।
इस पावन आयोजन में सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री दिगंबर महाराज जी के श्रीमुख से रामकथा, शिवकथा एवं भागवत कथा का दिव्य रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा आयोजन को लेकर पूरे ग्राम में जबरदस्त उत्साह और भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।
आज 31 जनवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ कथा यात्रा का शुभारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर धर्म की पताका लहराएंगे। 1 फरवरी को रामकथा महिमा का विशेष आयोजन होगा, जबकि 8 फरवरी को पूर्णाहुति यज्ञ सहस्त्रधारा के साथ इस महायज्ञ का समापन किया जाएगा।
ग्रामवासियों का कहना है कि यह आयोजन केवल कथा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और एकता का महापर्व है। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
बुदेली गांव इन दिनों पूरी तरह भक्ति, श्रद्धा और सनातन चेतना के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
