Ad image

“सरस फूड फेस्टिवल 2025 : दिल्ली में दमदार आगाज़, छत्तीसगढ़ के देसी स्वाद ने जीता दिल – आइए, चखिए हमारी मिट्टी का असली जायका!”

DEVRAJ DEEPAK
By DEVRAJ DEEPAK  - EDITOR IN CHIEF
3 Min Read

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सुंदर नर्सरी इस समय स्वादों के सबसे बड़े महापर्व की साक्षी बन चुकी है। सरस फूड फेस्टिवल 2025 का धमाकेदार शुभारंभ हो चुका है और यहाँ छत्तीसगढ़ की महक, रंग, स्वाद और संस्कृति ने लोगों का मन मोह लिया है। देश के अलग-अलग राज्यों से आईं स्व-सहायता समूहों की बहनें अपने प्रदेश की परंपराओं को व्यंजनों के जरिए पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की दीदियां भी पारंपरिक पकवानों के साथ लोगों को देसी स्वाद का अनोखा अनुभव दे रही हैं।

इस फूड फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ की खास पहचान फरा, चीला, बोरा पत्ता, लाल भाजी, देसी चटनी, महुआ लड्डू, टेसू पेय, कुर्रा, ठेठड़ी, पेंड़िया, अरसा-गोसर, समेत कई पारंपरिक व्यंजन दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। स्थानीय सामग्री, देसी अनाज और पोषण से भरपूर पकवानों के साथ-साथ यहाँ की मेहमाननवाजी भी लोगों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति से रूबरू करा रही है।

स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भरता की भावना को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का एक बड़ा उदाहरण बन रहा है। दीदियों द्वारा बनाए गए इन व्यंजनों को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी उत्कृष्ट बताया जा रहा है।

खाने के साथ-साथ यहाँ राज्य-राज्य की पारंपरिक कला व संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। लोकसंस्कृति की झलक दिखाते हस्तशिल्प उत्पाद, वाद्ययंत्र, आभूषण और ग्रामीण जीवन से जुड़े कलात्मक सामान भी स्टॉल पर लोगों की पसंद बने हुए हैं। शाम होते ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ माहौल को और भी मनमोहक बना देती हैं, जहाँ दर्शक गीत-संगीत और नृत्य के साथ देश की विविधता पर गर्व महसूस करते नज़र आते हैं।

सरस फूड फेस्टिवल 2025 न सिर्फ पेट और दिल को तृप्त कर रहा है, बल्कि गाँव की मिट्टी की सादगी और समृद्धि को भी सम्मान दे रहा है।

फेस्टिवल की पूरी जानकारी

📅 कार्यक्रम अवधि – 29 नवंबर से 9 दिसंबर 2025
⏰ समय – सुबह 11:30 बजे से रात 9:30 बजे तक
📍 स्थान – सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली

यह सिर्फ फूड फेस्टिवल नहीं, स्वाद और संस्कृति का अद्वितीय संगम है
पूरे परिवार के साथ आइए…
छत्तीसगढ़ की दीदियां अपने हाथों के स्वाद के साथ आपका बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं।

बोलो – “छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया!” 🍛✨

Share this Article