Ad image

होली से पहले सख्त संदेश: सारंगढ़ में पुलिस का दमदार फ्लैग मार्च, शांति बिगाड़ी तो नहीं होगी बख्शिश!

DEVRAJ DEEPAK
By DEVRAJ DEEPAK  - EDITOR IN CHIEF
2 Min Read

सारंगढ़ / सारंगढ़ में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक अंजनेय वार्ष्णेय और कलेक्टर संजय कन्नौजे के नेतृत्व में पुलिस बल ने सारंगढ़ सिटी कोतवाली से नगर के प्रमुख चौक-चौराहों तक पैदल फ्लैग मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था का सख्त संदेश दिया। फ़्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नगरवासियों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या अप्रिय घटना को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़कों पर उतरी पुलिस की झुण्ड, सायरन की आवाज और अधिकारियों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि इस बार होली रंगों के साथ-साथ सुरक्षा के साये में भी होगी। प्रशासन का संदेश साफ है—त्योहार की खुशी में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं कलेक्टर ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सारंगढ़ में प्रशासन की यह सक्रियता साफ संकेत देती है कि होली का रंग तभी चढ़ेगा जब कानून का सम्मान बना रहेगा। अब देखना यह है कि शहरवासी इस अपील को कितनी गंभीरता से लेते हैं, लेकिन फिलहाल प्रशासन का रुख बिल्कुल स्पष्ट और सख्त नजर आ रहा है।

Share this Article