बरमकेला। आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत बरमकेला, जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ में जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी (RES) एवं कार्यक्रम अधिकारी की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्रों के साथ योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ किया जाए, वहीं द्वितीय किस्त प्राप्त कर चुके आवासों को 15 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। जिला सीईओ ने समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए।
मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्य की मांग के अनुसार जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने, आजीविका डबरी निर्माण, श्रमदान से शोक पिट निर्माण तथा ई-केवाईसी (e-KYC) 100 प्रतिशत पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके साथ ही विधायक मद, सांसद मद एवं प्राधिकरण मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला सीईओ ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करने और जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
