
बरमकेला। बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत गांव छुहिपाली में आयोजित रुकमणि-कृष्ण विवाह महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भागवत कथा स्थल से सजी-धजी बारात ठीक रात्रि 12 बजे खोरिगांव के लिए रवाना हुई। कीर्तन शंखनाद और “राधे-कृष्ण” के जयघोष के बीच बारात का भव्य आगमन हुआ, जिसे देखने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे आयोजन स्थल पर दीप और आकर्षक सजावट ने माहौल को अलौकिक बना दिया।

इस भव्य धार्मिक आयोजन के सूत्रधार नीलम किशोर पटेल रहे, जिनके कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम अनुशासित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। किशोर पटेल के निवास से तिलक नायक खोरिगांव के वास स्थल पर बारात निकली, जहां पहुंचते ही महाजन परिवार, तिलक नायक एवं समस्त ग्रामवासियों ने बारात का पारंपरिक विधि-विधान से स्वागत किया। फूलमालाओं, आरती और मंगलगीतों के साथ बारातियों का अभिनंदन किया गया।

विवाह की रस्में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया—महिलाएं मंगलगीत गाती रहीं, तो युवाओं ने झांकी और आतिशबाजी से माहौल को और जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण एवं भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि गांवों के बीच आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी संदेश दिया। देर रात तक भक्ति संगीत और उत्सव का सिलसिला चलता रहा, जिससे छुहिपाली और खोरिगांव क्षेत्र पूरी तरह कृष्णमय नजर आया।
