
बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत ग्राम पंचायत कोतरा में श्री श्री राधा माधव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। 22 मार्च से 25 मार्च तक चार दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें आसपास के गांवों सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
आयोजन की यज्ञकर्ता विद्यावती राणा के नेतृत्व में समस्त ग्रामवासी इस पावन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत 22 मार्च को भव्य कलश यात्रा और अंकुरारोपण के साथ होगी। इस दिन गांव की महिलाएं और श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा निकालेंगे। इसके बाद 23 मार्च को विधिवत पूजा-अर्चना का प्रारंभ होगा, जबकि 24 मार्च को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ और हवन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 25 मार्च को पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष प्रस्तुति होगी। इस अवसर पर खैरगढ़ी और भठली (ओड़िसा) की प्रसिद्ध मंडलियों के बीच बैठकी कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही मेले का माहौल बनाने के लिए मीना बाजार और ओड़िसा अपेरा (नाट्य कार्यक्रम) का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिलेगा। ग्राम पंचायत कोतरा में इस भव्य आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव के लोग एकजुट होकर तैयारियों में जुटे हैं और क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भी इस पावन अवसर पर शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आमंत्रण दे रहे हैं।
