
बरमकेला / ग्राम पंचायत खैरगढ़ी में माँ शारदा पूजन को लेकर कलारपारा के तत्वावधान में भव्य और श्रद्धामय आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान से हुई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
पूजन कार्यक्रम की खास आकर्षण महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा रही। गांव की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर पूरे श्रद्धा भाव के साथ यात्रा में भाग लिया। कीर्तन भजन जयकारों और भक्ति गीतों के साथ निकली कलश यात्रा ने पूरे कलारपारा और आसपास के क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
माँ शारदा के जयघोष से वातावरण गूंज उठा, वहीं कलश यात्रा के दौरान अनुशासन और आपसी सहयोग का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। ग्रामवासियों ने इस आयोजन को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताया।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ग्राम पंचायत खैरगढ़ी में आयोजित माँ शारदा पूजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी पूरी आस्था और उत्साह के साथ जीवित हैं।
