
रायगढ़ / रायगढ़ जिले के कोसमनारा स्थित साधुराम व्यास विद्या मंदिर में इस वर्ष 10वीं कक्षा का परिणाम गौरव और उत्साह से भर देने वाला रहा। स्कूल की होनहार छात्रा आनवी पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
आनवी पटेल, जो कि जिला पंचायत रायगढ़ के एडिशनल सीईओ नीलाराम पटेल की सुपुत्री हैं, आनवी पटेल छात्रा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है।

जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने आनवी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाइयां दीं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने भी मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।
स्कूल प्रबंधन ने इसे पूरे संस्थान के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया और कहा कि आनवी की मेहनत आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बनेगी। वहीं, आनवी पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर अध्ययन को दिया।
इस शानदार उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता कदम चूमती है। आनवी पटेल की इस जीत ने कोसमनारा सहित पूरे रायगढ़ जिले को गर्व से भर दिया है।
