Ad image

लेंधरा की महिलाओं ने दिखाई एकजुटता: पीआरपी अनीता कोसरे को यथावत रखने सौंपा ज्ञापन

DEVRAJ DEEPAK
By DEVRAJ DEEPAK  - EDITOR IN CHIEF
2 Min Read

बरमकेला। लेंधरा क्लस्टर की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने पीआरपी अनीता कोसरे के स्थानांतरण के विरोध में एकजुट होकर आवाज बुलंद की है। हाल ही में अनीता कोसरे का स्थानांतरण सारंगढ़ ब्लॉक के कोसीर क्लस्टर में किए जाने के आदेश के बाद लेंधरा क्षेत्र की महिलाओं में नाराजगी देखी जा रही है।
महिलाओं का कहना है कि अनीता कोसरे के कार्यकाल में समूहों की गतिविधियों में तेजी आई है, आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिली है तथा योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हुआ है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में कई समूह आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े हैं। ऐसे में अचानक स्थानांतरण से कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इसी मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर जनपद सीईओ एवं जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि क्षेत्र की परिस्थितियों और समूहों के हितों को ध्यान में रखते हुए पीआरपी अनीता कोसरे को लेंधरा क्लस्टर में यथावत रखा जाए।
महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि उनका यह निवेदन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि अपने कार्यों की निरंतरता और विकास की गति को बनाए रखने के उद्देश्य से है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन महिलाओं की भावनाओं और मांगों पर क्या निर्णय लेता है। फिलहाल लेंधरा की महिलाओं की एकजुटता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Share this Article