
सारंगढ़-बिलाईगढ़:- आज दिनांक 26.02.2026 को जल संगवारी महाभियान के तहत जिलेभर में 10000 से अधिक सोखता गढ्ढा का निर्माण किया गया। जल संरक्षण के दिशा में इस अनुकरणीय पहल की शुरूआत सारंगढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोतरी से जिला कलेक्टर डाॅ. संजय कन्नौजे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री इन्द्रजीत बर्मन तथा अन्य अधिकारियों की मार्गदर्शन में शुरू हुआ।

इस दौरान कलेक्टर श्री कन्नौजे ने ‘‘एक सोखता गढ्ढा संतान के नाम‘‘ पहल पर प्रकाश डाला तथा ग्रामीणों से अपील की कि जल निकासी स्थल पर सोख्ता गड्ढ़ा अवश्य बनावें। बतादें कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न योजनाओं एवं अन्य विभागों के सहयोग से जल को संवर्धित किया जा रहा है ताकि भविष्य में जिले में पानी की समस्या न हो। इस तारतम्य में गुरूवार को जिलेभर के विभिन्न विकासखंडों में जल संगवारी महाभियान चलाया गया। जिसमें ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए जनभागीदारी से सोख्ता गड्ढें बनाने सहयोग प्रदान की।
